1 मई से लगने वाले वैक्सीनेशन पर लगी रोक, जाने वजह…

मुंबईः महाराष्ट्र की राजधानी और कोरोना प्रभावित मुंबई में वैक्सीनेशन प्रॉसेस पर रोक लग गई है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि वैक्सीन में कमी की वजह से ऐसा किया गया है। ग्रेटर मुंबई नगर निगम ने कहा कि मुंबई में शुक्रवार को वैक्सीनेशन नहीं होगा। बता दें 1 मई से 18 से 45 वर्षीय नागरिकों का टीकाकरण होना है, लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण प्रक्रिया रुकी हुई है।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार बृहन्मुंबई नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा, ‘बुधवार की रात हमें बताया गया कि हमें टीके की करीब 75 हजार खुराकें मिलेंगी। इतनी कम आपूर्ति से बीएमसी ने कुछ ही टीकाकरण केंद्र खोले जबकि अन्य केंद्रों को बंद रखा गया।’ महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक देश की वित्तीय राजधानी में बुधवार को केवल 26,610 लोगों को टीका लगा।
काकानी ने कहा, ‘अगर हमें पर्याप्त आपूर्ति नहीं मिलती है तो हमें अभियान कुछ दिनों के लिए रोकना होगा और पर्याप्त आपूर्ति का इंतजार करना होगा ताकि तेजी से टीकाकरण किया जा सके।’ महानगर में गुरुवार को टीकाकरण केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी गईं।