चरखी दादरीः दादरी की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाले पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान आज यानी की शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि सांगवान शुक्रवार को सोनीपत में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में भाजपा में शामिल होंगे। उनके इस कदम से दादरी में सियासी सरगर्मियां बढ़नी शुरू हो गई हैं। दादरी से एक बार विधायक और एक बार प्रदेश में कैबिनेट मंत्री रह चुके सतपाल सांगवान के इस कदम से आगामी विस चुनाव में दादरी से भाजपा की टिकट के दावेदारों की बेचैनी जरूर बढ़ जाएगी। पूर्व मंत्री सांगवान ने गत नवंबर माह में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर जहां जजपा को आधिकारिक तौर पर अलविदा कह दिया था वहीं भविष्य का फैसला जनता से रायशुमारी के बाद लेने का निर्णय लिया था।

उसके बाद से ही वे लगातार गांवों व शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर लोगों के साथ विचार-विमर्श कर रहे थे। कयास यही लगाए जा रहे थे कि वे भाजपा या फिर कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। अब आखिरकार उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय ले लिया है। बता दें कि पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान दादरी जिले से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। दादरी में स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी, जलभराव की समस्या, सरकारी स्कूल में जलभराव, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी ना मिलना, किसानों को मुआवजा इत्यादि मुद्दों को लेकर वे समय-समय पर सरकार को पत्र भी लिखते रहे हैं।

विशेष रूप से दादरी विधानसभा क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया पर जहां साहब, वहां हम ट्रेंड चल रहा है। सतपाल सांगवान के समर्थकों द्वारा फेसबुक, वाट्सएप इत्यादि इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म्स पर जहां साहब, वहां हम लिखा हुआ स्टेटस लगाया जा रहा है, जो काफी चर्चा में है। बता दें कि सतपाल सांगवान के समर्थक व कार्यकर्ता उन्हें साहब के नाम से संबोधित करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री स्व. बंसीलाल को अपना राजनैतिक गुरू मानने वाले पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान छह बार दादरी से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं।

वर्ष 1996 में वे पहली बार हरियाणा विकास पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ते हुए दादरी से विधायक बने थे। उसके बाद उन्होंने वर्ष 2000 और 2005 में भी चुनाव लड़ा। वर्ष 2009 में वे हरियाणा जनहित कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते और बाद में कांग्रेस में शामिल होते हुए प्रदेश में कैबिनेट मंत्री बने। उन्होंने वर्ष 2014 में कांग्रेस और 2019 में जजपा की टिकट पर विस चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 29577 वोट मिले थे। वे जजपा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।